विमान दुर्घटना: दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस क्रैश, डाक्टर, मेडिकल स्टाफ सहित 7 लोग थे सवार, घने जंगल में गिरा विमान
रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एक एयर एंबुलेंस चतरा–सिमरिया सीमा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में मरीज सहित कुल सात लोग सवार थे। खराब मौसम और बारिश को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। घटना की जांच AAIB की टीम करेगी।
रांची। झारखंड की राजधानी रांची से एक बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई है। रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एक चार्टर्ड एयर एंबुलेंस फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद चतरा और सिमरिया की सीमा के पास क्रैश हो गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, यह एक मेडिकल फ्लाइट थी, जो एक गंभीर मरीज को लेकर दिल्ली जा रही थी। विमान ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। अधिकारियों के अनुसार, उड़ान के बाद विमान का संपर्क अगले एयर ट्रैफिक कंट्रोल स्टेशन से स्थापित हुआ था और नियंत्रण भी विधिवत सौंप दिया गया था। हालांकि, इसके कुछ समय बाद ही विमान से संपर्क टूट गया।
सूत्रों के अनुसार, शाम 7:34 बजे विमान से आखिरी बार संपर्क हुआ था। इसके बाद विमान ने न तो रांची हवाई अड्डे से संपर्क किया और न ही कोई अन्य सिग्नल प्राप्त हुआ। संपर्क टूटने की सूचना तत्काल राज्य प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को दे दी गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय क्षेत्र में खराब मौसम था। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इलाके में बारिश हो रही थी और मौसम की स्थिति सामान्य नहीं थी। प्रारंभिक अनुमान में यह संभावना जताई जा रही है कि विमान खराब मौसम की चपेट में आ गया, जिससे यह हादसा हुआ।




































































































































































































































































































































































































































