बैकुंठपुर के राजवीर सिंह ने रचा इतिहास, लैक्मे फैशन वीक में बने छत्तीसगढ़ के पहले पुरुष मॉडल
बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के छोटे से शहर बैकुंठपुर के रहने वाले राजवीर सिंह ने अपने हुनर और मेहनत के दम पर देश के सबसे प्रतिष्ठित फैशन मंच Lakmé Fashion Week तक पहुंचकर नया इतिहास रच दिया है। राजवीर राज्य के पहले ऐसे पुरुष मॉडल बन गए हैं, जिन्होंने इस बड़े मंच पर रैंप वॉक कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
हाल ही में Lakmé Fashion Week में राजवीर ने 20 तारीख को मशहूर डिजाइनर Payal Pratap के लिए रैंप वॉक किया, वहीं 21 तारीख को उन्होंने Anurag Gupta के ‘नेक्सा स्पॉटलाइट शो’ की ओपनिंग कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। किसी भी फैशन शो की ओपनिंग करना बेहद जिम्मेदारी भरा और सम्मानजनक मौका होता है, जो चुनिंदा मॉडल्स को ही मिलता है।
राजवीर बताते हैं कि यह सफर आसान नहीं था। इस मंच तक पहुंचने के लिए हजारों मॉडल्स ऑडिशन देते हैं और प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी होती है। उन्होंने लगातार मेहनत, संघर्ष और सीखने की प्रक्रिया को जारी रखा। बीच में कई चुनौतियां भी आईं, यहां तक कि एक समय उन्हें मॉडलिंग एजेंसी भी छोड़नी पड़ी, लेकिन उन्होंने अपने सपनों से कभी समझौता नहीं किया।
राजवीर अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर और अपने परिवार के समर्थन को देते हैं। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ को इस बड़े मंच पर प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। वे चाहते हैं कि छोटे शहरों के युवा भी बड़े सपने देखें और यह विश्वास रखें कि वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंच सकते हैं।




































































































































































































































































































































































































































