कोरबा में दिनदहाड़े एक मजदूर ने दूसरे को डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, थाने के सामने वारदात, दोनों ही नशे में थे
कोरबा: जिले में हत्या और जघन्य अपराधों का दौर नहीं थम रहा है. सोमवार की दोपहर कोतवाली के ठीक सामने 200 से 300 मीटर की दूरी पर ओवरब्रिज के नीचे एक मजदूर ने दूसरे मजदूर की डंडे से पीटकर हत्या कर दी. दोपहर के लगभग 2 बजे दिनदहाड़े ओवरब्रिज के नीचे वारदात को अंजाम दिया गया है. दरअसल यहां रोज सुबह मजदूर एकजुट होते हैं. सोमवार को भी मजदूर यहां जुटे थे. इसी दौरान दोपहर के समय दो मजदूर आपस में किसी बात को लेकर भिड़ गए, पहले एक मजदूर ने दूसरे को पीटा. इसके आधे घंटे बाद मार खाने वाले मजदूर ने दूसरे पर हमला कर दिया.
डंडे से सिर पर घातक और ताबड़तोड़ वार किया जिससे मजदूर की मौत हो गई है. मृतक की पहचान सीतामढ़ी निवासी राजेश उर्फ महाराज के तौर पर हुई है. आरोपी को स्थानीय लोगों की भीड़ ने पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वह सभी से हाथ छुड़ाकर भाग निकला. कुछ देर बाद ही आरोपी को पुलिस ने मोतीसागर पर से पकड़ लिया है
दिनदहाड़े खौफनाक वारदात
हैरानी वाली बात यह है कि घटना स्थल शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के ठीक सामने है. यह एक तरह से मजदूरों की मंडी की तरह है. जहां जरूरतमंद मजदूर आकर बैठते हैं और जिन्हें आवश्यकता होती है. वह इस स्थान से मजदूरों को काम पर ले जाते हैं. आरोपी और मृतक दोनों ही सोमवार को यहां हर दिन की तरह बैठे हुए थे. इसी दौरान दोनों में विवाद हुआ था.
राजेश की मौत, भरत मोतीसागर पारा से पकड़ाया
प्राथमिक जानकारी के आधार पर दोनों मजदूर आपस में किसी बात को लेकर भिड़ गए थे. जिसकी मौत हुई है उसकी पहचान सीतामढ़ी निवासी राजेश उर्फ महाराज (45 साल) के तौर पर हुई है. जबकि डंडे से पीटकर राजेश को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी की पहचान बरमपुर निवासी भरत साहू के तौर पर हुई है. फुटेज के मुताबिक आरोपी काफी जवान दिख रहा है. वारदात को अंजाम देने के बाद भरत मौके से फरार हो गया था, जिसे मोती सागर पर में पकड़ लिया गया है. जानकारी है कि पहले आरोपी और मृतक सीतामढ़ी में आस पास रहते थे. लेकिन फिलहाल भरत बरमपुर में निवास करता है.
आरोपी सूंघ रहा था बॉनफिक्स
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी और मृतक दोनों ही नशे में थे. दोनों के बीच विवाद की शुरुआत तब हुई, जब आरोपी भरत बॉन फिक्स (टायर को चिपकाने वाला एक सॉल्यूशन) का नशा करते हुए ओवर ब्रिज के नीचे बैठा हुआ था. वह एक-एक कर अपने कपड़े उतारने लगा. कुछ ही समय में वह पूरी तरह से नग्न अवस्था में आ गया. इसके बाद राजेश के साथ उसका विवाद हुआ. राजेश ने उसके साथ लात और मुक्के से मारपीट भी की, इसके कुछ देर बाद राजेश ओवरब्रिज के नीचे ही गमछा बिछाकर सो गया.
कुछ समय बाद भरत कपड़े पहनकर इसी स्थान पर आया. इस वक़्त उसके हाथ में लकड़ी का एक टुकड़ा था. सोते हुए राजेश पर भरत ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया और सिर में लगातार वार किए. जिससे राजेश का सिर फट गया वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया. यह देखकर स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया. कुछ लोगों ने आरोपी भरत को पकड़ने का भी प्रयास किया लेकिन वह मौके से फरार हो गया. सर में लगी चोट इतनी गंभीर थी कि राजेश को अस्पताल ले जाते वक्त उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. उसके शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया है. मौके पर फॉरेंसिक की टीम जांच करने पहुंच गई है.
फेल हो रहा पुलिस का सजक कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान
खासतौर पर कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार इस तरह के वारदात सामने आ रही हैं. अभी कुछ दिन पहले ही बीते रविवार की रात 25 साल के रवि यादव को युवकों के एक झुंड ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था. यह घटना शहर के कोतवाली क्षेत्र के मोतीसागर बस्ती में हुई थी. बाद में आरोपियों को पकड़ लिया गया था.
इसके पहले भी चाकूबाजी और मर्डर की जघन्य घटनाएं लगातार कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई हैं. इधर पुलिस सजक कोरबा सतर्क कोरबा अभियान चलाकर खुद की पीठ थपथपा रही है. लेकिन शहर के बीचों-बीच कोतवाली थाना क्षेत्र में जघन्य हत्याकांड जैसे वारदात सामने आ रहे हैं. पुलिस इस पर नकेल कसने में नाकाम साबित हो रही है. ना तो इन लगातार घटनाओं के लिए किसी की जवाबदेही तय की गई है, ना ही किसी पुलिसकर्मी के विरुद्ध कोई कार्रवाई हुई है.
आरोपी पकड़ा गया
इस घटना के बारे में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि ओवरब्रिज के नीचे मजदूरों के बीच आपस में विवाद हुआ था. एक मजदूर ने दूसरे की डंडे से पीटकर हत्या कर दी है. सीसीटीवी फुटेज मिल गया है. वारदात के कुछ देर में ही मोतीसागर पारा से आरोपी को पकड़ लिया गया है. आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.



















































































































































































































































































































































































































































