भारतीय ईसाई दिवस पर क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी के अध्यक्ष विजय मेश्राम ने दी शुभकामनाएँ
रायपुर: भारतीय ईसाई दिवस के अवसर पर क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी के अध्यक्ष श्री विजय मेश्राम जी ने समस्त मसीही समाज एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए संत थॉमस प्रेरित के जीवन, विश्वास और सेवा को प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भारतीय ईसाई दिवस प्रत्येक वर्ष 3 जुलाई को संत थॉमस प्रेरित की पावन स्मृति में मनाया जाता है। ईसाई परंपरा के अनुसार, संत थॉमस 52 ईस्वी में भारत के मलाबार तट पर आए और प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, सत्य, शांति तथा उद्धार के सुसमाचार का प्रचार किया। उनके समर्पण और सेवाभाव ने भारत में लगभग दो हजार वर्षों की समृद्ध ईसाई विरासत की मजबूत नींव रखी।
विजय मेश्राम ने कहा कि यह दिवस केवल इतिहास को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, करुणा, सेवा, क्षमा और भाईचारे के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का भी संकल्प है। उन्होंने सभी विश्वासियों से आग्रह किया कि वे समाज में शांति, सद्भाव, एकता और मानव सेवा की भावना को और अधिक मजबूत करें तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएँ।
उन्होंने अंत में कहा कि आइए, संत थॉमस प्रेरित के विश्वास और समर्पण से प्रेरणा लेकर प्रभु यीशु मसीह के प्रेम और उद्धार के संदेश को जन-जन तक पहुँचाएँ तथा एकता, प्रेम और भाईचारे के साथ एक सशक्त, शांतिपूर्ण और आशीषमय भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
क्रिश्चियन वर्किंग कमिटी की ओर से सभी देशवासियों एवं मसीही समाज को भारतीय ईसाई दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।






















































































































































































































































































































































































































































