#क्राइम

कोरबा चर्चेस वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भेजा गया विधिक नोटिस, सदस्य ने लगाए गंभीर आरोप‎

व्हाट्सएप ग्रुप से हटाने और ऑडिट पर सवाल, KCWAS के तीन पदाधिकारियों को कानूनी नोटिस

‎कोरबा: कोरबा चर्चेस वेलफेयर एसोसिएशन (KCWAS) के अध्यक्ष- सीमा गोस्वामी, सचिव राजकुमार दान एवं कोषाध्यक्ष डेनियल क्षत्रिय को एक प्रतिनिधि सदस्य की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से विधिक नोटिस भेजा गया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि संबंधित सदस्य को बिना किसी पूर्व सूचना के समिति के आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों से हटा दिया गया, जिसके कारण उसे मासिक बैठकों एवं सामान्य सभा की सूचनाएं प्राप्त नहीं हो सकीं।

‎नोटिस के अनुसार, सूचना के अभाव में संबंधित सदस्य वर्ष 2025 की आवश्यक मासिक बैठकों में उपस्थित नहीं हो पाया, जिससे उसका मताधिकार एवं आगामी चुनाव में प्रत्याशी बनने का अधिकार प्रभावित हुआ। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि 20 जून 2026 को आयोजित सामान्य सभा की जानकारी भी उसे समय पर नहीं मिली, जिसके कारण वह बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा सका।

‎विधिक नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि सामान्य सभा में समिति के आय-व्यय का विवरण बिना चार्टर्ड अकाउंटेंट से ऑडिट कराए प्रस्तुत एवं पारित किया गया। नोटिस में पूर्व कार्यकारिणी द्वारा सौंपी गई राशि, सदस्यता शुल्क, दान, अनुदान एवं अन्य वित्तीय मदों के संबंध में पारदर्शी ऑडिट कराए जाने की मांग की गई है।

‎नोटिस के माध्यम से समिति के पदाधिकारियों से 15 दिनों के भीतर संबंधित सदस्य को दोनों आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों में पुनः शामिल करने, उचित स्पष्टीकरण देने तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट से ऑडिट कराकर रिपोर्ट सामान्य सभा में प्रस्तुत करने की मांग की गई है।

‎नोटिस में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो संबंधित सदस्य अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सक्षम न्यायालय एवं अन्य सक्षम प्राधिकरणों के समक्ष दीवानी एवं फौजदारी कार्यवाही करने के लिए स्वतंत्र होगा।

‎फिलहाल, इस संबंध में कोरबा चर्चेस वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।