मिशन वरुण के तहत निगम की कार्रवाई तेज, तुलसीनगर में 6 टुल्लू पंप जब्त; अवैध नल कनेक्शनों पर भी होगी कार्रवाई
कोरबा । नगर निगम द्वारा जल संरक्षण और शहर में पेयजल की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिशन वरुण के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत निगम की जलापूर्ति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध नल कनेक्शनों और नल में लगाए गए टुल्लू पंपों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज तुलसीनगर क्षेत्र में छह टुल्लू पंप जब्त किए गए।
नगर निगम आयुक्त के अनुसार, कई घरों में नल कनेक्शन होने के बावजूद पानी का पर्याप्त दबाव नहीं आने की समस्या के कारण लोग नल में टुल्लू पंप लगा लेते हैं। हालांकि, इस तरह पंप लगाने से निगम की जलापूर्ति लाइन में पानी का दबाव प्रभावित होता है, जिससे आसपास के दूसरे घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। इसका खामियाजा उन सामान्य नागरिकों को भुगतना पड़ता है, जो निगम की जलापूर्ति पर निर्भर हैं।

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे निगम की वाटर लाइन में टुल्लू पंप न लगाएं और न ही अवैध रूप से नल कनेक्शन लें। यदि किसी घर या क्षेत्र में पानी का दबाव कम है अथवा आपूर्ति संबंधी कोई समस्या आ रही है, तो टुल्लू पंप लगाने के बजाय निगम की जल प्रबंधन टीम से संपर्क करें, ताकि समस्या का उचित समाधान किया जा सके।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि मिशन वरुण के तहत यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जल संरक्षण, समान जल वितरण और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए टुल्लू पंपों तथा अवैध नल कनेक्शनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।











