#News

कोहड़िया में गूंजा भारत माता का जयघोष, स्कूलों से जिला ऑटो संघ तक शान से लहराया तिरंगा

80वें स्वतंत्रता दिवस पर जगह-जगह हुआ ध्वजारोहण, पार्षद नरेंद्र देवांगन के मुख्य आतिथ्य में देशभक्ति से सराबोर रहा पूरा क्षेत्र

कोरबा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया में राष्ट्रभक्ति का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से लेकर जिला ऑटो संघ कोरबा तक जगह-जगह ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। तिरंगा फहराते ही पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा।

पार्षद एवं दुर्ग संभाग प्रभारी (न.नि. प्रकोष्ठ) नरेंद्र देवांगन के मुख्य आतिथ्य में विभिन्न स्थानों पर विधिवत राष्ट्रध्वज फहराया गया। कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी, सामाजिकजन और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्कूलों में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। हाथों में तिरंगा लेकर बैठे बच्चों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश के प्रति अपने प्रेम और सम्मान का प्रदर्शन किया।

आजादी के साथ मिली जिम्मेदारी को भी समझना जरूरी : नरेंद्र देवांगन

इस अवसर पर नरेंद्र देवांगन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि उन असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिनकी कुर्बानी के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आजादी के साथ प्रत्येक नागरिक को संविधान, लोकतंत्र तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने की जिम्मेदारी भी मिली है। राष्ट्र की प्रगति में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही सच्ची देशभक्ति है।

युवाओं और विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान

नरेंद्र देवांगन ने युवाओं और विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि देश का भविष्य केवल उपलब्धियों से नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकों की सोच, संस्कार, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से तैयार होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा अपने लक्ष्य के साथ राष्ट्रहित को प्राथमिकता दें तो भारत को और अधिक मजबूत एवं विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

इन स्थानों पर हुआ ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोहड़िया क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रध्वज फहराया गया। इनमें स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, चारपारा कोहड़िया; शासकीय प्राथमिक शाला जोगियाडेरा (भवानी मंदिर); शासकीय प्राथमिक शाला स्कूलपारा, नीचे मोहल्ला कोहड़िया; शासकीय प्राथमिक शाला पिपरपारा कोहड़िया; रियल ग्रोथ अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पीपरपारा कोहड़िया तथा जिला ऑटो संघ कोरबा, पुराना बस स्टैंड शामिल रहे।

सभी स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। कहीं विद्यार्थी तिरंगा लेकर राष्ट्रगान में शामिल हुए तो कहीं देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। कार्यक्रमों में मौजूद लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

राष्ट्रसेवा ही सच्ची देशभक्ति : नरेंद्र देवांगन

नरेंद्र देवांगन ने कहा कि “जनसेवा, राष्ट्रसेवा और सामाजिक दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन ही सच्ची देशभक्ति है।” उन्होंने नागरिकों से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने, अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

अंत में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी जयघोष के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का समापन हुआ। कोहड़िया में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस तिरंगे के प्रति सम्मान, वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की प्रेरणादायी तस्वीर बनकर सामने आया।