#Uncategorized #छत्तीसगढ़ #मानसून #वन मण्डल #वीडियो #समाज

शहर के बीचो-बीच स्थित दिनदहाड़े हरे-भरे पेड़ों की कटाई, जिम्मेदार विभागों पर उठे सवाल

कोरबा । शहर के बीचो-बीच स्थित SECL अस्पताल के समीप चर्च प्रांगण में वर्षों पुराने हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े पेड़ों को काटे जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और इस पर प्रशासन की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार चर्च परिसर में लगे पुराने पेड़ों को बिना किसी सार्वजनिक सूचना के काटा जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ये पेड़ पूरी तरह स्वस्थ और पर्यावरण के लिए उपयोगी थे। अचानक की जा रही इस कार्रवाई से लोगों में आक्रोश है।

उल्लेखनीय है कि एक ओर प्रशासन “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, वहीं दूसरी ओर इस तरह पेड़ों की कटाई अभियान की मंशा पर प्रश्नचिह्न लगा रही है।

इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह उठ रहा है कि क्या पेड़ों की कटाई के लिए संबंधित विभागों से अनुमति ली गई थी। यदि अनुमति ली गई है, तो किन परिस्थितियों में यह स्वीकृति प्रदान की गई और यदि नहीं, तो यह सीधा नियमों का उल्लंघन है।

स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग नगर निगम और जिला प्रशासन से इस मामले में संज्ञान लेकर जांच करने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।