#क्राइम

बर्थडे पार्टी में हुआ विवाद, युवक की गाड़ी से कुचलकर हत्या, आरोपी फरार

कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में बर्थ डे पार्टी में हुए विवाद के बाद युवक पर गाड़ी चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी गई है.

कोरबा : ऊर्जाधानी को में जघन्य हत्याओं का दौर थम नहीं रहा है. ताजा मामला उरगा थाना क्षेत्र के मीरा रिजॉर्ट का है. जहां आधी रात बर्थडे पार्टी के बाद युवाओं के बीच आपस में ही विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि रिजॉर्ट से निकलते समय एक युवक ने बर्थडे पार्टी में शामिल होने आए दूसरे युवक पर गाड़ी चढ़ा दी. तेज रफ्तार कैंपर से युवक को कुचलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.पार्टी में शामिल होने आए अन्य लोगों ने घायल युवक को एक निजी अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने बुरी तरह से घायल युवक को मृत घोषित कर दिया. युवक का शव मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया. जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए, मुख्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. इस जघन्य हत्याकांड से पूरा जिला एक बार फिर दहल उठा है.

 

15 की संख्या में पार्टी मनाने आए थे युवा
कोयलांचल क्षेत्र दीपका से लगभग 10 से 15 की संख्या में युवक अपने साथी विकास सिंह हुड्डा का जन्मदिन मनाने थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट गए थे. रिसोर्ट विकास सिंह ने बुक करवाया था. रिजॉर्ट के भीतर पार्टी चल रही थी. स्विमिंग पूल में पूल पार्टी का भी इंतजाम था. शराब परोसे जाने की बात भी सामने आ रही है. इसी बीच तुषार ढांडा और उज्जवल दीवान के बीच किसी बात को विवाद हो गया. बर्थडे पार्टी का माहौल अचानक गहमा गहमी भरा हो गया.इसके थोड़ी देर बाद सभी लोग रिजॉर्ट से निकल गए.

सड़क पर खेला खूनी खेल

लेकिन सड़क पर पहुंचने के बाद फिर से तुषार और उज्जवल के बीच विवाद हुआ.इसी दौरान तुषार ने अपनी गाड़ी निकाली और उज्जवल को कुचल दिया. जानकारी के अनुसार वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी की मौके पर मौजूद अन्य युवकों ने अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष किया.लेकिन तुषार सिर्फ उज्जवल को ही कुचलना चाहता था. उज्जवल को ठोकर मारने के बाद तुषार मौके से फरार हो गया.

दोस्तों ने पहुंचाया अस्पताल लेकिन नहीं बची जान

इस वारदात के बाद बर्थडे पार्टी में शामिल होने पहुंचे अन्य साथियों ने घायल उज्जवल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उज्जवल को मृत घोषित कर दिया. उज्जवल के शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया है जहां पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक प्रक्रिया है पूरी की जा रही हैं.

रसूखदार परिवार के युवा हुए थे इकट्ठा
अब तक की जानकारी के अनुसार बर्थडे पार्टी में बुकिंग विकास ने करवाई थी. जो कोयला ट्रांसपोर्ट के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है. बर्थडे पार्टी में शामिल होने पहुंचे अन्य युवक भी रसूखदार परिवार से ताल्लुक रखते हैं. इनमें से अधिकतर ट्रांसपोर्ट के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं. मामला हाई प्रोफाइल परिवार से जुड़ा हुआ है. इसलिए पुलिस भी जांच में फूंक-फूंक कर कदम रख रही है.

 

मुख्य आरोपी हरियाणा का निवासी

कैंपर से कुचलकर हत्याकांड को अंजाम देने के इस अपराध में मुख्य आरोपी के तौर पर तुषार ढांडा की पहचान की गई है.जो वर्तमान में दीपका के गरुड़ नगर का निवासी है और मूलत: हरियाणा का रहने वाला है. बीती रात इस घटना को अंजाम देने के बाद तुषार मौके से फरार है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है. तुषार के सभी संभावित ठिकानों पर पुलिस की तफ्तीश जारी है.

 

विवाद के दौरान युवकों को मना भी किया
मीरा रिजॉर्ट के मैनेजर कुशल यादव ने बताया कि बर्थडे पार्टी के लिए 10 से 12 लोग रात को रिजॉर्ट में आए थे. बुकिंग विकास के नाम पर थी.बर्थ डे पार्टी में जब विवाद होना शुरु हुआ तो उन्हें रोका गया.इसके बाद सभी रिजॉर्ट से निकल गए.

रात के लगभग 10:30 बजे इन लोगों के बीच रिजॉर्ट के अंदर विवाद होने लगा. मैंने उन्हें समझाईश दी और कहा कि फैमिली रेस्टोरेंट है. आप बाहर जाकर बात करिए. इसके कुछ देर बाद सभी चेक आउट कर बाहर चले गए थे- कुशल यादव, मैनेजर

आरोपी की तलाश जारी
एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि उरगा थाना क्षेत्र के मीरा रिजॉर्ट में बीती रात दीपका थाना क्षेत्र से कुछ युवक बर्थडे पार्टी मनाने आए थे. इसी दौरान रात के 11:30 बजे तुषार ढांडा ने आपसी विवाद के चलते उज्जवल दीवान के ऊपर कैंपर वाहन चढ़कर उसे कुचल दिया. जिससे उसकी मौत हो गई है.

हत्या का अपराध कर लिया गया है, तुषार की तलाश की जा रही है. सभी होटल, ढाबा संचालकों की भी जांच की जा रही है. यदि शराब परोसने की कोई बात सामने आती है, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी- लखन पटले,एएसपी

हाल फिलहाल में हत्या की 5वीं वारदात
महीने भर के भीतर कोरबा जिले में हत्या की यह पांचवीं सनसनीखेज वारदात है.

7 जून को बांकीमोंगरा क्षेत्र के एक ट्रांसपोर्टर ने एएसआई के बेटे को अपने वाहन से कुचल कर मार दिया था.
21 जून को कोतवाली क्षेत्र के राताखार में 10 से 12 लोगों ने एक युवक की लाठी डंडे से पीट कर हत्या कर दी थी.
27 जून को उरगा थाना क्षेत्र में ही एक दिव्यांग बेटे ने प्रॉपर्टी के बंटवारे के विवाद के कारण अपनी मां को डंडे से पीट कर मौत के घाट उतार दिया.
29 जून को कोतवाली थाना के सामने ही एक मजदूर ने दूसरे मजदूर को लाठी से पीटकर मौत के घाट उतार दिया.

 

लूट के आरोपी अब तक पहुंच से बाहर
1 जुलाई को छुरी में दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में कट्टे और चाकू की नोक पर लूट की घटना को अंजाम दिया. जो पुलिस की पहुंच से अभी दूर हैं. इसके बाद 3 जुलाई की रात को एक बार फिर उरगा थाना क्षेत्र में दोस्तों के बीच विवाद में एक युवक को कैंपर से कुचल दिया गया है. इस मामले में भी आरोपी फरार है.