साइबर अपराध से आजादी की मुहिम: छत्तीसगढ़ पुलिस ने शुरू किया सात सप्ताह का ‘साइबर जागृति अभियान’
एसपीसिद्धार्थ तिवारी की अपील—अभियान से जुड़ें, खुद भी सुरक्षित रहें और परिवार-दोस्तों को भी साइबर फ्रॉड से बचाएं
कोरबा। साइबर अपराध और ऑनलाइन फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस ने लोगों को जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सात सप्ताह का विशेष ‘साइबर जागृति अभियान’ शुरू किया है। अभियान के तहत सात सप्ताह तक अलग-अलग थीम के माध्यम से साइबर फ्रॉड और साइबर क्राइम से बचाव को लेकर आम लोगों को जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने शहर की जनता से अपील की कि इस व्यापक अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें और सात सप्ताह तक चलने वाली अलग-अलग गतिविधियों में अपनी सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव केवल किसी एक व्यक्ति की सुरक्षा तक सीमित नहीं है। एक व्यक्ति की जागरूकता उसके परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर फ्रॉड से बचाने में मदद कर सकती है।
‘जागरूकता की एक सेल्फी’ से अभियान में दें सहभागिता
अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए QR कोड स्कैनर भी लॉन्च किया गया है। इसके माध्यम से लोग QR कोड स्कैन कर सेल्फी कैमरा खोल सकते हैं और अपनी तस्वीर के जरिए ‘साइबर जागृति अभियान’ में सहभागिता दर्ज करा सकते हैं।
सेल्फी के माध्यम से लोग यह संदेश दे सकते हैं कि ‘मैं साइबर जागृति अभियान में सहभागी हूं और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक हूं।’ पुलिस की इस पहल का उद्देश्य अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और साइबर सुरक्षा को लेकर सामूहिक जागरूकता पैदा करना है।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने मीडिया के माध्यम से आम जनता के साथ-साथ पत्रकारों और मीडिया कर्मियों से भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई में जनजागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि लोग समय रहते सतर्क रहें और साइबर अपराध से जुड़ी सावधानियों को समझें तो कई तरह के ऑनलाइन फ्रॉड से बचा जा सकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं अभियान से जुड़ें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि साइबर अपराध के खिलाफ समाज को एकजुट किया जा सके।
साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूक रहें, सतर्क रहें, खुद सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें—यही ‘साइबर जागृति अभियान’ का मुख्य संदेश है।
साइबर जागृति अभियान की जानकारी देते एसपी सिद्धार्थ तिवारी एवं पुलिस अधिकारी। अभियान के तहत ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ के माध्यम से आम लोगों को भी अभियान से जोड़ने की पहल की गई है।































