#क्राइम

पुलिसिया गश्त और सुस्त जांच पर उठे सवाल, एक रात में दो दुकानों के ताले तोड़ने वाले चोर अब भी पकड़ से दूर

कोरबा। शहर में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं. दर्री थाना क्षेत्र सिचांई कालोनी चौक में बीते 5 और 6 अक्टूबर की दरमियानी रात 2 दुकानों में चोरी हुई थी. हफ़्तों बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था.

इस घटना में एक पीड़ित की वह गाढ़ी कमाई भी चोरी चली गई थी, जिसे उसने अपनी दिवंगत माँ की बरसी के आयोजन के लिए पाई-पाई जोड़कर रखा था. इतने दिन गुजर जाने के बाद भी चोरों का सुराग न लग पाना पुलिस की सुस्त जांच और नाकामी को उजागर करता है.

​इस दुस्साहसिक चोरी ने एक साधारण और मेहनतकश परिवार की उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया था. पीड़ित दुकानदार सुजीत ने कर्ज और अपनी छोटी-सी आय से माँ की बरसी के लिए 14,000 रुपए जोड़कर रखे थे.
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने औपचारिकता निभाते हुए जांच का आश्वासन तो दिया, लेकिन हफ़्तों बीत जाने के बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से कोसों दूर हैं. पीड़ित परिवार आज भी न्याय की आस में भटक रहा है, जबकि पुलिस विभाग इस मामले में मौन साधे बैठा है.

सिर्फ कागजों तक सीमित है नाइट पुलिसिंग :
​कोरबा पुलिस द्वारा शहर में सुरक्षा और रात्रि गश्त के दावे समय-समय पर किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है.
​बदमाशों और चोरों में पुलिस और कानून का खौफ इस कदर खत्म हो चुका है कि वे बेखौफ होकर एक ही रात में एक से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं. वारदात को हफ़्तों बीत जाने के बाद भी आरोपियों की पहचान न हो पाना पुलिस की खुफिया तंत्र और तकनीकी अनुसंधान की कमजोरी को साफ दर्शाता है.

​व्यापारियों और नागरिकों में गहरा आक्रोश
​इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी असुरक्षा की भावना और रोष व्याप्त है. शहर के व्यवसायियों का कहना है कि यदि मुख्य बाजार और दुकानों के भीतर इस तरह की चोरियां होने लगेंगी और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रहेगी, तो उनका व्यापार करना और संपत्ति की सुरक्षा करना दूभर हो जाएगा.
नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता को समझते हुए जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की जाए.