#News

Toxic फिल्म के दौरान साउंड सिस्टम फेल, City Center के सिनेमा हॉल में मचा बवाल; दर्शकों को लौटाने पड़े टिकट के पैसे

कोरबा। शहर के City Center Mall स्थित Cinemood सिनेमा हॉल में बुधवार रात Toxic फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों को साउंड सिस्टम की खराबी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। AUDI-1 में फिल्म के दौरान साउंड ठीक से काम नहीं करने पर दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते सिनेमा हॉल के अंदर और लॉबी में हंगामे की स्थिति बन गई।

फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों को उम्मीद थी कि उन्हें बेहतर स्क्रीन और साउंड के साथ फिल्म का अनुभव मिलेगा, लेकिन ऑडियो सिस्टम में आई खराबी ने पूरा मजा किरकिरा कर दिया। साउंड की समस्या से नाराज दर्शक फिल्म छोड़कर बाहर निकलने लगे। इसके बाद कई दर्शक सिनेमा हॉल की लॉबी में एकत्र हो गए और प्रबंधन के सामने अपनी नाराजगी जताई।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, नाराजगी बढ़ने के साथ ही चिल्लाने और गाली-गलौज तक की स्थिति बन गई। सिनेमा हॉल के अंदर भी दर्शकों के बीच काफी हलचल रही। बाहर लॉबी में बड़ी संख्या में दर्शकों के जमा होने से माहौल पूरी तरह गरमा गया।

घटना की तस्वीरों में भी AUDI-1 के बाहर दर्शकों की भीड़ और लॉबी में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी साफ दिखाई दे रही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि साउंड सिस्टम की खराबी को लेकर दर्शकों में किस कदर नाराजगी थी।

लगातार विरोध के बाद आखिरकार सिनेमा प्रबंधन को दर्शकों की टिकट राशि वापस करनी पड़ी। टिकट के पैसे वापस किए जाने के बाद मामला शांत हुआ और दर्शक वहां से रवाना हुए।

सवालों के घेरे में सिनेमा की तकनीकी व्यवस्था

इस घटना ने सिनेमा हॉल में तकनीकी व्यवस्थाओं के रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दर्शकों का कहना है कि टिकट की पूरी कीमत लेने के बाद यदि फिल्म के दौरान साउंड सिस्टम ही सही तरीके से काम न करे तो दर्शकों को परेशानी होना स्वाभाविक है।