#News #वन मण्डल

हाथी को ट्रैक्टर से दौड़ाकर किया परेशान, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई; तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

कोरबा। जिले में वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ और उन्हें परेशान करने के मामले को वन विभाग ने गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वन परिक्षेत्र कुदमुरा के अंतर्गत ग्राम जिलगा में ट्रैक्टर के माध्यम से हाथी को परेशान करने के मामले में वन विभाग की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करा दिया है। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जिलगा में हाथी को ट्रैक्टर के माध्यम से परेशान किए जाने की घटना सामने आने के बाद वन विभाग हरकत में आया। वनमंडलाधिकारी, कोरबा के निर्देश पर मामले की जांच और आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और संदिग्धों की पतासाजी में जुटी हुई थी।

इसी कड़ी में 24 नवंबर 2026 को उपवनमंडल अधिकारी, कोरबा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा एवं पसरखेत की उपस्थिति में वन विभाग के मैदानी अमले ने ग्राम जिलगा में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर गांव की ही एक बाड़ी में छिपाकर रखा हुआ मिला। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर जब्त किया और वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया।

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि ट्रैक्टर चला रहा दिग्विजय वाहन संचालन के लिए आवश्यक ड्राइविंग लाइसेंस नहीं रखता था। मामले में आगे की विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर वन विभाग ने 25 नवंबर 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार जेल दाखिल करा दिया।

तीनों आरोपी ग्राम जिलगा के निवासी

वन विभाग द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दिग्विजय (25 वर्ष), सुकनंदन (36 वर्ष) और सब्बीर खान (35 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा के निवासी बताए गए हैं।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9 सहपठित धारा 2(16)(ख), 2(35), 2(36), 39(1)(घ), 50(1)(ग), 51 एवं 52 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

वन विभाग की अपील – हाथियों से छेड़छाड़ न करें

वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतें और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों का पीछा करना, उन्हें वाहनों से घेरना, दौड़ाना या किसी भी तरह से परेशान करना गंभीर खतरे को आमंत्रित कर सकता है। ऐसी गतिविधियों से हाथी आक्रामक हो सकते हैं, जिससे जनहानि की आशंका भी बनी रहती है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वन्यजीवों को परेशान करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।